
इंदौर। दूध के उचित एवं लागत आधारित मूल्य की मांग को लेकर किसानों का गांव-गांव ज्ञापन अभियान लगातार तेज हो रहा है। 10 सितंबर से शुरू हुई इस मुहिम के तहत अब तक 100 से अधिक सांची दुग्ध सहकारी समितियों पर किसानों ने ज्ञापन सौंपकर दूध का भाव 12 रुपए प्रति फैट करने की मांग उठाई है।
भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान महू, दतौदा, देपालपुर, जलालपुरा, तलावली, अटाहेड़ा, पितावली, आगरा शाहपुरा सहित अनेक गांवों में किसानों ने सांची दूध डेयरियों पर पहुंचकर ज्ञापन दिए।
किसानों का कहना है कि पशु आहार, चारा, दवाइयों, बिजली और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि दूध का वर्तमान भाव किसानों की लागत के अनुरूप नहीं है। किसानों ने 12 रुपए प्रति फैट दूध का भाव, दो वर्षों से लंबित बोनस का भुगतान तथा 5 रुपए प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि तत्काल देने की मांग की है पिछला दो वर्ष पुराना 10-12 करोड़ बोनस राशि देने की मांग की
किसान नेता बबलू जाधव ने कहा कि किसानों की मांग स्पष्ट है और अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव ज्ञापन अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में अधिक से अधिक किसान इस मुहिम से जुड़ेंगे।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो ज्ञापन अभियान को आगे बड़े किसान आंदोलन में बदला जाएगा। अभियान में शैलेंद्र पटेल, चंदन सिंह बड़वाया, प्रवीण ठाकुर, सतीश मकवाना सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
