
इंदौर. खुड़ैल में शनिवार शाम घर के पास पोते के साथ मोपेड से निकले किसान की सड़क हादसे में मौत हो गई. पितृ पर्वत क्षेत्र में हुए हादसे के बाद बाइक सवार मौके से निकल गया. मोपेड पर पीछे बैठे 6 वर्षीय पोते को भी चोट आई है.
सुखराम पिता कन्हैयालाल व्यास शनिवार शाम पोते वंश को साथ लेकर दुकान से घी लेने निकले थे. दोनों मोपेड से जा रहे थे, तभी रास्ते में सामने से आई बाइक ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी. टक्कर से सुखराम सड़क पर गिर गए और उनके सिर समेत शरीर में गंभीर चोटें आईं। पोते को भी चोट लगी. हादसे के बाद आसपास के लोगों ने सुखराम को एमवाय अस्पताल पहुंचाया. उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. सूचना पर खुड़ैल पुलिस ने मर्ग कायम किया है. फरार बाइक चालक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है.
