
शिवपुरी। पिछोर अनुविभाग के चरखऊ गांव में दो महीने से राशन नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। इसके बाद प्रशासन ने कोलारस अनुविभाग में 11 सरकारी राशन दुकानों पर राशन वितरण 80 प्रतिशत से कम पाए जाने पर प्रशासन ने संबंधित संचालकों से 25 लाख 80 हजार 225 रुपए वसूलने के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि राशन दुकान के सेल्समैन ने उनका अंगूठा लगवा लिया था। इसके बावजूद उन्हें दो महीने का राशन नहीं मिला। राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर खोड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए।
इसके बाद तहसीलदार शिवशंकर गुर्जर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद उन्होंने तुरंत राशन बंटवाना शुरू कराया। राशन मिलने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ग्रामीण सड़क से हटने को राजी हुए और चक्काजाम खत्म हो गया।
राशन की हेराफेरी की आशंका कोलारस अनुविभाग में 11 राशन दुकानों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। सरकारी राशन दुकानों की समीक्षा के दौरान 11 दुकानों पर राशन वितरण 80 प्रतिशत से कम पाया गया। प्रशासन के मुताबिक, ई-केवायसी पोर्टल पर इन दुकानों के लिए पर्याप्त राशन बचा था। इसके बावजूद वितरण का प्रतिशत कम मिला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी कोलारस ने आदेश जारी किए हैं। इसमें संबंधित प्रबंधक, विक्रेता और सह-विक्रेता से कुल 25 लाख 80 हजार 225 रुपए वसूलने को कहा गया है। आदेश में यह आशंका भी जताई गई है कि कम राशन वितरण के कारण राशन की हेराफेरी की गई होगी।
*इन दुकानों से होगी वसूली*: जिन लोगों से वसूली होगी, उनमें गोपाल जाटव, पुनीत शर्मा, भैंवलिया यादव, अनिकेत धाकड़, कुबेर रावत, राजकुमार सिंह चौहान, सोनू जाटव, सुनील यादव, गोलू लोधी, विजय कुमार कुशवाह और राजकुमार जाटव शामिल हैं।
