
सतना : जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुना गांव में अवैध शराब पर छापा मारने पहुंची आबकारी टीम के साथ बदसलूकी, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है. सरकारी काम में रुकावट डालने और कर्मचारियों को धमकाने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. मामले में आबकारी उपनिरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 11 सितंबर की शाम करीब 6 बजे आबकारी टीम को सूचना मिली थी कि जमुना गांव में लवकुश सिंह अवैध शराब बेच रहा है.
सूचना की तस्दीक के लिए आबकारी उपनिरीक्षक सुदर्शन विक्रमादित्य पाण्डेय के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची. घर की तलाशी लेने पर एक कार्टून से 48 पाव देशी शराब बरामद की गई.
कार्रवाई के दौरान आरोपी लवकुश सिंह, हरिओम सिंह और मूरत साकेत ने जब्ती का विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि तीनों ने आबकारी अमले के साथ जमकर बदसलूकी की.
घटना से जुड़े वीडियो में आरोपी लवकुश सिंह टीम से बहस करते हुए शराब बेचने से साफ मुकर रहा है. दुकान के कूड़ेदान से शराब की खाली बोतलें मिलने पर वह तर्क देता दिखा कि लोग यहां बैठकर पीते हैं, वह बेचता नहीं है. बहस के दौरान वह टीम को दूसरी जगह शराब पकड़वाने की बात कहता है, लेकिन जब टीम कार्रवाई जारी रखती है तो वह अपने साथियों से कहता है “उठाओ लाठी, बहुत हो गया.”
घटना के बाद आबकारी उपनिरीक्षक सुदर्शन विक्रमादित्य पाण्डेय रामपुर बघेलान थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी लवकुश सिंह पटेल, हरिओम सिंह और मूरत साकेत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(क), 132, 351(3), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
