![]()
भिंड, 02 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के भिंड शहर के सराफा बाजार स्थित एक दुकान में लूट करने वाले हथियार बंद बदमाशों को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कल तीन हथियारबंद बदमाश सराफा व्यापारी आनंद सोनी की दुकान में घुसकर हथियारों के बल पर तिजोरी में रखे सोने के आभूषण लूटकर भाग गए थे। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उत्तर प्रदेश के आगरा सीमा की ओर भाग रहे थे। पुलिस ने पीछा करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश फायरिंग करते हुए भिंड जिले के अटेर किले की ओर भाग निकले। पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड लिया जबकि एक आरोपी भाग जाने में सफल रहा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आंसू श्रीवास और राकेश तोमर के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गोली लगी है। उन्हें आज भिंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भिण्ड पुलिस अधीक्षक असित यादव ने आज यहां बताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस फरार एक और बदमाश की तलाश में जुटी हुई है।
