एफपीआई ने सितंबर में अब तक पूंजी बाजार से निकाले 17,732 करोड़ रुपये

मुंबई, 13 सितंबर (वार्ता) विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने सितंबर में अब तक भारतीय पूंजी बाजार से 17,732 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की है।

शुद्ध निकासी उनके द्वारा बाजार में लगाई गई पूंजी और निकाली गई पूंजी का अंतर होता है।

इससे पहले, लगातार तीन महीने तक एफपीआई भारतीय पूंजी बाजार में लिवाल रहे हैं। अगस्त में उन्होंने 25,492 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया था। जुलाई में उनका निवेश 40,031 करोड़ रुपये और जून में 4,669 करोड़ रुपये बढ़ा था।

केंद्रीय डिपॉजिटरी सेवा के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में एफपीआई इक्विटी, डेट और हाइब्रिड उपकरणों में बिकवाल रहे हैं जबकि म्यूचुअल फंड में उन्होंने शुद्ध रूप से निवेश किया है।

इक्विटी से उन्होंने 13,138 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की। डेट में उनका निवेश 2,275 करोड़ रुपये कम हुआ। हाइब्रिड उपकरणों से भी उन्होंने 2,427 करोड़ रुपये निकाले।

म्यूचुअल फंड में एफपीआई ने सितंबर में अबतक 109 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।

पूरे कैलेंडर वर्ष 2026 में अबतक एफपीआई ने भारतीय पूंजी बाजार में 1,65,082 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की है।

 

Next Post

मक्सी स्टेशन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Sun Sep 13 , 2026
मक्सी। मक्सी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मालगाड़ी की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान करन पिता भेराजी, निवासी ग्राम बेरछी, के रूप में हुई है। मक्सी जीआरपी पुलिस के प्रताप सिंह देवड़ा के अनुसार, […]

You May Like