भोपाल। बीएचईएल, भोपाल में वर्ष 2026 में पदोन्नत अभियंताओं एवं अधिकारियों के लिए आयोजित छह दिवसीय INSPIRE कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल के संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों से कार्यस्थल पर समय प्रबंधन, अनुशासन और टीम भावना को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
हेमराम पटेल ने कहा कि प्रतिभागियों को कार्यक्रम से कम से कम तीन-चार महत्वपूर्ण सीख लेकर उन्हें अपनी दैनिक कार्यप्रणाली की आदतों में शामिल करना चाहिए। इससे न केवल उनके व्यक्तिगत कार्य प्रदर्शन में सुधार होगा, बल्कि कंपनी को भी इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम में गुणवत्ता, सुरक्षा, सतर्कता, समय प्रबंधन, टीम निर्माण, वित्तीय प्रबंधन और सीडीए नियमों के अलावा तनाव प्रबंधन एवं योग से संबंधित सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में कुल 33 पदोन्नत कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें बीएचईएल भोपाल के 20 तथा पीएसडब्ल्यूआर की अन्य इकाइयों के 13 कर्मचारी शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन एचआरडीसी-वर्कशॉप टीम ने किया। प्रबंधक (एचआरडी) कीर्ति सिंह ने आभार व्यक्त किया।
