दक्षिण कोरियाई सेना का दावा : उत्तर कोरिया ने पूर्वी सागर की ओर दागीं कई कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें

सियोल, 12 सितंबर (वार्ता) दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास के समापन के ठीक एक दिन बाद उत्तर कोरिया ने शनिवार को पूर्वी सागर की ओर कई कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इसकी जानकारी दक्षिण कोरियाई सेना ने दी। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ (जेसीएस) ने बताया कि उसने स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:20 बजे (भारतीय समयानुसार रात के 1:50 बजे) वोंसान क्षेत्र से कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का पता लगाया।

जेसीएस ने कहा कि वह अमेरिका के साथ मिलकर इसके सटीक विवरण का विश्लेषण कर रहा है। ये मिसाइलें समुद्र में गिरने से पहले लगभग 250 किलोमीटर तक हवा में थी। दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने शुरुआती चरण से ही उत्तर कोरिया की गतिविधियों पर नजर रखी और जापान के साथ प्रासंगिक सूचना साझा की। सेना ने कहा, “हमारी सेना एक मजबूत दक्षिण कोरिया-अमेरिका रक्षा रुख के तहत उत्तर कोरिया की विभिन्न गतिविधियों पर करीबी नजर रख रही है और किसी भी उकसावे का करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है।”

सूत्रों के अनुसार, उत्तर कोरिया ने अपनी ह्वासोंग-11 शृंखला की बैलिस्टिक मिसाइलों और 600 मिलीमीटर के मल्टीपल रॉकेट लॉन्चरों से एक के बाद एक कई परीक्षण किये हैं। यह ताजा प्रक्षेपण दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान के जेजू द्वीप के समीप अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में आयोजित अपने पांच दिवसीय ‘फ्रीडम एज’ सैन्य अभ्यास के शुक्रवार को समापन के ठीक बाद हुआ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर पिछले महीने अपने वार्षिक संयुक्त ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ (यूएफएस) अभ्यास का दायरा घटाये जाने के बावजूद यह पूर्वाभ्यास तय कार्यक्रम के अनुसार ही पूरा किया गया।

उत्तर कोरिया के प्रति सुलह का संकेत देते हुए श्री ट्रंप ने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती करने का आदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि ये अभ्यास न केवल ‘खर्चीले’ हैं, बल्कि उत्तर कोरिया को ‘पूरी तरह से अनुचित और शत्रुतापूर्ण’ संकेत भी देते हैं।
जेसीएस ने कहा कि दक्षिण कोरियाई सेना ने किसी भी संभावित अतिरिक्त प्रक्षेपण का पता लगाने के लिए निगरानी बढ़ा दी है और अमेरिका तथा जापान के साथ जानकारी साझा करते हुए ‘पूरी तरह सतर्क’ होकर तैयारी बनाये रखी है।

यह मिसाइल प्रक्षेपण उत्तर कोरिया के रक्षा मंत्री किम सोंग-गी के सोमवार को इस त्रिपक्षीय अभ्यास की निंदा करने और जवाबी उपाय करने की चेतावनी देने के बाद सामने आया है। एक बयान में श्री किम ने चेतावनी दी थी, “यदि अमेरिका और उसके सहयोगी डीपीआरके (उत्तर कोरिया के आधिकारिक नाम डेमोक्रेटिक पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया) के साथ एक नये सैन्य टकराव को भड़काने का प्रयास करते हैं, तो हम ताकत के साथ कड़े और प्रभावी जवाबी उपाय करेंगे।”

उत्तर कोरिया ने आखिरी बार 20 अगस्त को पूर्वी सागर की ओर कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार की थी, जब सहयोगियों ने अपना वार्षिक यूएफएस अभ्यास आयोजित किया था। उत्तर कोरिया लंबे समय से दक्षिण कोरिया-अमेरिका के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यासों को आक्रमण के पूर्वाभ्यास के रूप में निंदा करता रहा है और विरोध स्वरूप अपने हथियार परीक्षण करता रहा है। शनिवार का यह प्रक्षेपण राष्ट्रपति ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच इस महीने के अंत में वाशिंगटन में होने वाले उच्च-स्तरीय शिखर सम्मेलन से ठीक पहले हुआ है। आगामी ट्रंप-शी बैठक के एजेंडे में उत्तर कोरिया से जुड़े मुद्दों के शामिल होने की पूरी उम्मीद है।

.....

Next Post

भोपाल में बप्पा की भव्य तैयारी! कहीं बदरीनाथ की झांकी, कहीं रोशनी से सजेगी सड़कें 

Sat Sep 12 , 2026
भोपाल। गणेश चतुर्थी को लेकर भोपाल में तैयारियां अब अंतिम दौर में हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में गणपति पंडाल सजने लगे हैं और समितियां इस बार श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए खास तैयारियां कर रही हैं। हम पहुंचे दो प्रमुख गणेश उत्सव समितियों के बीच, जहां तैयारियों का रंग […]

You May Like