
ओंकारेश्वर। कोठी हेलीपैड पर शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। लोहे का गेट गिरने से 4 वर्षीय बच्ची दिव्या पिता शंभू की मौत हो गई, जबकि 5 वर्षीय बालक यश पिता रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोठी के हेलीपैड पुनर्वास क्षेत्र में शाम करीब 5 बजे 4-5 बच्चे लोहे के गेट पर लटककर खेल रहे थे। अचानक गेट गिर गया और बच्चे नीचे दब गए। पास में क्रिकेट खेल रहे शुभम, गणेश, अविनाश, सतीश, विजय सहित अन्य बच्चों ने गेट उठाकर उन्हें बाहर निकाला।
हादसे में दिव्या के सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे तत्काल मोटरसाइकिल से ओंकारेश्वर के सरकारी अस्पताल ले गए। आरोप है कि अस्पताल में इमरजेंसी सुविधा न होने की बात कहकर एंबुलेंस से सनावद ले जाने को कहा गया। परिजनों के मुताबिक एंबुलेंस करीब 20-25 मिनट बाद पहुंची।
दोनों बच्चों को सनावद के मोरी अस्पताल ले जाया गया, जहां आईसीयू में इलाज के दौरान दिव्या की मौत हो गई। घायल यश का इलाज जारी है।
हादसे के बाद हेलीपैड परिसर में सुरक्षा इंतजामों और अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जर्जर गेटों की जांच और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
