
सतना। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा संचालित जलप्रदाय परियोजनाओं की प्रगति का मैदानी स्तर पर अवलोकन किया गया। मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रमुख अभियंता आनंद सिंह ने अमरपाटन, कोठी, जैतवारा, बिरसिंहपुर, कोठर, कैमूर एवं विजयराघवगढ़ में जलप्रदाय परियोजनाओं के विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अमरपाटन टाउन में टैपिंग प्वाइंट क्षेत्र का भ्रमण कर सीडब्ल्यूआरएम पाइपलाइन बिछाने के लिए उपयुक्त स्थल का अवलोकन किया गया। परियोजना के अंतर्गत जलप्रदाय व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी पहलुओं तथा कार्य की प्रगति की जानकारी ली गई।जैतवारा एवं कोठर में परियोजना के विभिन्न घटकों का निरीक्षण करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा निर्धारित समय-सीमा की समीक्षा की गई। आनंद सिंह ने जैतवारा एवं कोठर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इसके साथ ही ईएनसी आनंद सिंह द्वारा पीएम-पीआईयू, एसीएम/पीएमडीएससी, सब इंजीनियर, फील्ड इंजीनियर एवं संबंधित एजेंसी प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कैमूर एवं विजयराघवगढ़ जलप्रदाय योजना के अंतर्गत इंटेक वेल, एनीकट, जल शोधन संयंत्र सहित विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साइटों पर अपेक्षित मैनपावर की उपलब्धता नहीं पाए जाने पर उन्होंने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने संविदाकार को पर्याप्त मानव संसाधन, मशीनरी एवं अन्य आवश्यक संसाधन तत्काल बढ़ाने तथा कार्यों को नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शेष वित्तीय एवं भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कार्यों की गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जलप्रदाय परियोजनाओं के मैदानी निरीक्षण का उद्देश्य कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना है। परियोजनाओं की नियमित निगरानी के माध्यम से शेष कार्यों में तेजी लाने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
