
गुना। राष्ट्रीय आव्हान पर भारतीय स्टेट बैंक के तेलघानी स्थित मुख्य कार्यालय के सामने बैंक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगें जल्द पूरी नहीं की गर्इं, तो 26 अक्टूबर से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
बैंककर्मियों का यह आक्रोश मुख्य रूप से बैंकों में 5 दिवसीय कार्यदिवस को लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव के वितरण में किए जा रहे भेदभाव के खिलाफ है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के अनुसार, वे पिछले दो सालों से 5 दिवसीय कार्यदिवस की व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर निरंतर आंदोलन कर रहे हैं। हालांकि, हर बार उन्हें केवल खोखले आश्वासन ही हाथ लगे हैं। 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक यूनियनों के बीच हुए द्विपक्षीय समझौते में 5-डे वर्किंग की मांग को आधिकारिक रूप से शामिल किया गया था, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने इसे पूरी तरह लागू करने की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
इसके अलावा, पीएलआई में भी भारी असमानता बरती जा रही है, जहां अधिकारियों को ज्यादा इंसेंटिव दिया जा रहा है जबकि दिन-रात मेहनत करने वाले कर्मचारियों को बेहद कम हिस्सा देकर दरकिनार किया जा रहा है। कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि यदि सरकार का यही रवैया रहा, तो अक्टूबर के अंत में होने वाली हड़ताल से आम जनता को होने वाली असुविधा की पूरी जिम्मेदारी शासन और बैंक प्रशासन की होगी।
