मुंबई, 22 सितंबर (वार्ता) कच्चे तेल में नरमी से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में मंगलवार को रुपया 16 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.62 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 18 पैसे चढ़कर 95.78 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज तीन पैसे की बढ़त के साथ 95.75 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में इसमें काफी उतार-चढ़ाव देखा गया। यह नीचे 95.86 रुपये और नीचे 95.55 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 95.62 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल आज कमजोर रहा जिससे रुपये को समर्थन मिला। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा एक फीसदी फिसलकर करीब 99.3 डॉलर प्रति बैरल रह गया।
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के आज भारतीय पूंजी बाजार से 21.3 करोड़ डॉलर की शुद्ध निकासी की जिससे रुपये पर थोड़ा दबाव रहा, हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर सूचकांक में रही हल्की तेजी ने इसे समर्थन दिया।
