
इंदौर. यात्री बसों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने तीन इमली बस स्टैंड पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान बसों में फायर एक्सटिंग्विशर, इमरजेंसी गेट, फर्स्ट एड बॉक्स और वाहनों की सामान्य स्थिति सहित यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की गई.
चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कुल 54 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. एक बस की मौके पर फिटनेस निरस्त की गई, जबकि एक अन्य बस को जब्त किया गया. अभियान में ट्रैफिक पुलिस की टीम भी शामिल रही. सहायक पुलिस आयुक्त ट्रैफिक हिंदूसिंह मुवेल टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। इसके अलावा वर्ल्ड कप चौराहा क्षेत्र में भी यात्री वाहनों की जांच की गई. परिवहन विभाग के अनुसार कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में एडिशनल आरटीओ राजेश गुप्ता और परिवहन निरीक्षक आकाश सिटोले ने की. विभाग ने यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चेकिंग जारी रखने की बात कही है.
