वॉशिंगटन, अमेरिका में आगामी नवंबर महीने में होने वाले मध्यावधि चुनावों की राजनीतिक सरगर्मी के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा और लोकलुभावन ऐलान किया है। 2026 के रिपब्लिकन कन्वेंशन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने घोषणा की कि यदि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की जीत होती है, तो उनकी सरकार देश के प्रत्येक वयस्क नागरिक को 5,000 अमेरिकी डॉलर का विशेष लाभांश (डिविडेंड) प्रदान करेगी। उन्होंने दावा किया कि उनके नेतृत्व में अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने असाधारण प्रदर्शन किया है और देश भारी मात्रा में राजस्व अर्जित कर रहा है, जिसके चलते नागरिकों को यह आर्थिक लाभ दिया जाएगा।
रकम खर्च करने के लिए रखी गई खास शर्त, ट्रंप प्रशासन को उठाने होंगे 1.22 ट्रिलियन डॉलर खर्च
इस योजना के साथ राष्ट्रपति ट्रंप ने एक महत्वपूर्ण शर्त भी जोड़ी है, जिसके तहत नागरिकों को मिलने वाले इस पैसे को केवल अमेरिका के भीतर ही खर्च करना होगा ताकि यह राशि विदेशी बाजारों जैसे कनाडा, चीन या जर्मनी में न जा सके। अनुमान के मुताबिक, देश में लगभग 24.5 करोड़ वयस्क अमेरिकी नागरिकों को इस योजना का लाभ मिलने पर ट्रंप प्रशासन को कुल 1.22 ट्रिलियन डॉलर की भारी-भरकम राशि खर्च करनी होगी। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस धन के वितरण का मैकेनिज्म क्या होगा और यह कैसे सुनिश्चित किया जाएगा कि राशि केवल घरेलू स्तर पर ही खर्च हो।
मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान युद्ध समाप्त होने का दावा, राजनीतिक मोर्चे पर तेज हुई हलचल
आर्थिक वादों के साथ-साथ राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने भाषण में यह भी दोहराया कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा सैन्य संघर्ष आगामी मध्यावधि चुनावों के तुरंत बाद समाप्त हो जाएगा। उन्होंने तेहरान पर अमेरिका की चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया ताकि वाशिंगटन में एक कमजोर प्रशासन आ सके। चुनावों से ठीक पहले की गई इन घोषणाओं ने अमेरिकी राजनीति और वैश्विक कूटनीतिक गलियारों में हलचल काफी तेज कर दी है।

