
ग्वालियर। अब नगर निगम ग्वालियर के मछलीघर को नई जगह पर शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है। चिड़ियाघर के पीछे मैनिजरी क्षेत्र में इसके लिए जगह देखी जा रही है। यहां मौजूदा परिसर की तुलना में काफी बड़ा क्षेत्र उपलब्ध है। नई जगह पर आधुनिक सुविधाओं वाला मछलीघर विकसित करने की योजना है।
नोडल अधिकारी गौरव परिहार ने बताया कि नए नगर निगम आयुक्त के आने के बाद मछलीघर के संचालन और रखरखाव को लेकर चर्चा हुई है। मछलीघर के संचालन का ठेका भी हो चुका है। अब नए वेंडर के साथ इसे नई जगह पर विकसित करने की योजना पर बातचीत चल रही है।
मैनिजरी क्षेत्र में मछलीघर बनने पर यह चिड़ियाघर परिसर का हिस्सा हो सकता है। ऐसे में पर्यटकों के लिए अलग टिकट लेकर मछलीघर देखने की व्यवस्था की जा सकती है। इससे नगर निगम के लिए आय का नया स्रोत भी तैयार होगा।
*बड़े एक्वेरियम में आकर्षक प्रजातियां*
विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा मछलीघर में कई छोटी प्रजातियों की मछलियां हैं, जिन्हें लोग घर के एक्वेरियम में भी देख सकते हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए बड़े आकार की और अलग-अलग प्रजातियों की मछलियां रखने की जरूरत है। नई व्यवस्था में विदेशी और आकर्षक प्रजातियों को शामिल करने की योजना है।
*वेंटिलेशन और ऑक्सीजन की बेहतर व्यवस्था*
नए मछलीघर में एक्वेरियम का आकार बढ़ाने के साथ मछलियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। साफ-सफाई, पर्याप्त वेंटिलेशन और ऑक्सीजन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि मौजूदा समस्याओं को दूर किया जा सके।
