
सिंगरौली । जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसीक्रम में मंगलवार की शाम बंधौरा पावर प्लांट से बरगवां, गड़ेरिया कॉनवाय प्वाइंट मार्ग पर यातायात पुलिस ने नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले तीन भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक सियाज केएम के निर्देशन, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में शाम करीब 5:30 बजे वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान तीन भारी वाहन निर्धारित नो-एंट्री अवधि में प्रतिबंधित मार्ग पर आवागमन करते पाए गए। पुलिस के अनुसार बंधौरा पावर प्लांट से बरगवां-गड़ेरिया कॉनवाय प्वाइंट तक वाया बंधौरा-रजमिलान, खुटार, परसौना मार्ग पर भारी वाहनों के लिए सुबह 7 से 10 बजे तथा शाम 5 से रात 9 बजे तक नो-एंट्री निर्धारित है। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीनों वाहनों को रोककर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। तीनों वाहनों पर कुल 25,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात पुलिस ने भारी वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से निर्धारित नो-एंट्री समय तथा तय मार्गों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती है। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान प्रआर विनय सिंह, पुष्पेंद्र चतुर्वेदी एवं आर जितेंद्र परमार मौजूद रहे।
