
जबलपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल से आदेश प्राप्त होने के बाद आज, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने पदोन्नत हुए 3 रक्षित निरीक्षकों और 8 थाना निरीक्षकों के कंधों पर तीसरा सितारा लगाया। पदोन्नत हुए सभी अधिकारियों के चेहरों पर खुशी की लहर साफ देखी जा सकती थी। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी का मुंह मीठा कराकर उन्हें फील्ड में और बेहतर कार्य करने की सीख दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) अखिलेश तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने पदोन्नत पुलिस अफसरों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इन अधिकारियों के कंधों पर सजे थ्री-स्टार
सूबेदार से रक्षित निरीक्षक राहुल सिंह, रूमा तेकाम और रोशनी केशरवानी बने। उप निरीक्षक से निरीक्षक जागृति साहू, सोनल पाण्डे, संगीता चौधरी, आभा दुबे, हेमामल थापा, दीप्ति मरावी, शैलेन्द्र सिंह और दिनेश गौतम बने हैं। पदोन्नत अधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा, जिस प्रकार आपने अपनी अब तक की सेवा में पूरी मेहनत और लगन से कार्य करते हुए अपने रिकॉर्ड को बेदाग बनाए रखा, ठीक उसी तरह आगे भी अच्छा काम करें। आप सभी का पुराना अनुभव इस नई और बड़ी भूमिका में काम आएगा। प्रमोशन के साथ-साथ आपकी जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं।
