
झाबुआ। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत झाबुआ जिले में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉकों में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित हुईं। 14 जून को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय पर्यवेक्षक एसए संपत कुमार झाबुआ पहुंचे। वहीं 17 जून को पेटलावद में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक पूर्व विधायक हामिद काजी, विधायक डॉ हीरालाल अलावा और प्रदेश कांग्रेस महासचिव सोमिल नाहटा ने कार्यकर्ताओं से वन-टु-वन चर्चा कर जिलाध्यक्ष चयन के लिए फीडबैक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सुझाव लेकर रिपोर्ट कांग्रेस आलाकमान को भेजी जाएगी। नए जिलाध्यक्ष की घोषणा आलाकमान की सहमति के बाद होगी। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक विक्रांत भूरिया, वीरसिंह भूरिया समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इस अभियान से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और सक्रियता का संचार हुआ है। मप्र कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी उन्हीं को मिलेगी जो निष्ठा से काम करेगा और सर्वहारा वर्ग को जोड़ेगा। वर्तमान जिलाध्यक्ष प्रकाश रांका हैं और नए नामों पर मंथन जारी है।
