कोलकाता, (वार्ता) प्याज की आवक में भारी गिरावट के कारण कोलकाता और आसपास के इलाकों में इसकी कीमतें काफी बढ़ गयी हैं, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
पिछले दो हफ्तों में प्याज के दाम तेजी से बढ़े हैं और यह सामान्य दर से तीन गुना से अधिक महंगे हो चुके हैं। शहरों के बाजार में प्याज अब 65-70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। सब्जियों की बढ़ती कीमतों के साथ प्याज के दाम बढ़ने से गृहणियों का बजट बिगड़ गया है।
दक्षिण कोलकाता की एक गृहणी पारोमिता ने कहा, “प्याज की कीमत इतनी बढ़ गयी है कि मुझे या तो इसकी खपत घटानी पड़ रही है या फिर कम सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं। जिस दिन मैं मांस या मछली खरीदती हूं, उस दिन बजट की तंगी के कारण सब्जियां कम ही लेती हूं।”
गरियाहाट मार्केट में मिले एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने बताया, “सब्जियों और प्याज के दाम इतने बढ़ गये हैं कि मेरी सीमित आय में घर चलाना मुश्किल हो गया है। मैंने अपनी पत्नी से प्याज का इस्तेमाल कम करने और बिना प्याज के खाना बनाने को कहा है।”
पोस्ता के प्याज व्यापारियों ने कीमतों में इस उछाल की वजह नासिक और देश के अन्य प्रमुख आपूर्ति केंद्रों से आवक घटने को बताया है।
पोस्ता बाजार के एक व्यापारी ने कहा, “पोस्ता, श्यामबाजार और सियालदह कोले मार्केट समेत तीन प्रमुख बाजारों में आमतौर पर रोजाना 25 ट्रक आते हैं। इन तीनों बाजारों में हर दिन करीब 7,500 किलो प्याज पहुंचता है।”
व्यापारी ने बताया, “अकेले पोस्ता में रोजाना 15 ट्रकों की आवक से आपूर्ति सामान्य बनी रहती है। हाल ही में आवक में भारी कमी आयी है। कल केवल चार ट्रक ही आये, जिससे आपूर्ति में बड़ा अंतर आ गया।”
व्यापारियों के अनुसार, नासिक के बाजारों में थोक दाम बढ़ने से यह किल्लत हुई है। बारिश के कारण प्याज़ की फसल भी प्रभावित हुई है। चूंकि प्याज नमी से जल्दी खराब होता है, इसलिए बारिश की वजह से इसका बड़ा स्टॉक बरबाद हो गया है।
सब्जियों की कीमतों को लेकर आज प्रवर्तन विभाग और मार्केट एसोसिएशन के नेतृत्व में एक बैठक हुई। प्रवर्तन विभाग, जो विभिन्न बाजारों में निरीक्षण कर रही है, आने वाले दिनों में भी अपना यह अभियान जारी रखेगी।
