
इंदौर। अग्रसेन क्लब द्वारा बछ बारस के अवसर पर आयोजित सामूहिक उद्यापन कार्यक्रम में करीब 800 महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान महिलाओं ने विधि-विधान से गाय-बछड़े और पाटियों की पूजा-अर्चना कर बछ बारस का उद्यापन किया।
35 महिलाओं ने सामूहिक रूप से उद्यापन की रस्म पूरी की।धार्मिक आयोजन के साथ महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी हुईं। श्रेष्ठ परिधान, श्रेष्ठ मेहंदी, श्रेष्ठ दोहा और श्रेष्ठ नृत्य प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
क्लब के प्रमुख परामर्शदाता एवं संस्थापक राधा देवी मित्तल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ महिलाओं को एकजुट करना भी था। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन की व्यवस्थाएं क्लब के सदस्यों ने संभालीं। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत आशीष वंदना मित्तल ने किया। कार्यक्रम में पूजा-अर्चना के साथ महिलाओं की सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा भी देखने को मिली।
