सिंगरौली : खदान क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर हथियार और कॉपर केबल लूटने वाले गिरोह के खिलाफ मोरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 3 अगस्त की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछतांछ में आरोपियों ने जयंत और निगाही खदान में कंडक्टर वायर चोरी की घटनाओं में भी शामिल होना स्वीकार किया है। उनकी निशानदेही पर 315 बोर की रायफल, मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, कंडक्टर वायर, लोहे के खंभे और गार्ड का आईडी कार्ड बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे खदान में ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड गीतम सिंह को 20-25 बदमाशों ने घेरकर मारपीट की और उसकी रायफल लूटने के बाद करीब 80 मीटर कॉपर केबल काटकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सियाज केएम के निर्देशन, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और एसडीओपी रोशनी कुर्मी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 6 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कांटा मोड़ नर्सरी के पास घेराबंदी कर ठाकुर प्रसाद साकेत उर्फ बड़कू उम्र 37 वर्ष निवासी बड़ोखर और नन्दलाल साकेत उम्र 35 वर्ष निवासी बड़ोखर, हाल मुकाम चटका रेलवे पुलिया को पकड़ा गया। पुलिस को देखकर पांच-छ: संदिग्ध भाग निकले। पूछतांछ में 13 अगस्त को जयंत और 27 अगस्त को निगाही खदान में वायर चोरी का खुलासा हुआ। चोरी का माल खपाने वाले कबाड़ियों की भूमिका की भी जांच जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय ने जेल भेज दिया, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कार्रवाई में मोरवा थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
