
नई दिल्ली, 20 नवंबर 2025: घरेलू क्रिकेट में लगातार रनों की बरसात करने के बावजूद प्रियांक पांचाल टीम इंडिया में जगह नहीं बना सके। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौका नहीं मिलने की कसक उन्होंने नेपाल की धरती पर दूर कर दी है। नेपाल प्रीमियर लीग में अपने डेब्यू मैच में ही 35 वर्षीय इस बल्लेबाज ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर सभी का ध्यान खींच लिया है। करनाली याक्स की ओर से खेलते हुए प्रियांक पांचाल ने चितवन राइनोज के खिलाफ सिर्फ 48 गेंदों पर 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 90 रन ठोक दिए।
नेपाल प्रीमियर लीग में रचा इतिहास
187 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए प्रियांक ने नेपाल प्रीमियर लीग के इतिहास में डेब्यू मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। प्रियांक की धमाकेदार पारी के दम पर करनाली याक्स ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 166 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे प्रियांक रवि बोपारा की गेंद पर कैच देकर आउट हो गए।
बोपारा और सैफ जैब ने छीनी जीत
167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चितवन राइनोज की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर रवि बोपारा ने सिर्फ 36 गेंदों पर 52 रन जड़कर मैच का रुख बदल दिया। अंतिम ओवरों में सैफ जैब ने सिर्फ 16 गेंदों पर 38 रन की धमाकेदार पारी खेलते हुए चितवन को शानदार जीत दिला दी। हालांकि, टीम की हार के बावजूद प्रियांक की चमक पूरे मैच में बरकरार रही।
