सीधी: अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज सीधी के जिला अध्यक्ष राकेश दुबे ने चुरहट थाना क्षेत्र के ततैया निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक संत मुनि शर्मा के विरुद्ध दर्ज एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के प्रकरण को लेकर कलेक्टर सीधी विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराने तथा मामले में तहसीलदार सुषमा देवी रावत की भूमिका की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने आरोप लगाया है कि ग्राम सर्रा की आराजी से संबंधित मामले में संत मुनि शर्मा द्वारा तहसीलदार के समक्ष वस्तुस्थिति के अनुरूप प्रतिवेदन भेजने का अनुरोध किया गया था।
संगठन का कहना है कि तहसीलदार द्वारा उपखंड अधिकारी न्यायालय को कथित रूप से गलत प्रतिवेदन भेजे जाने के बाद आवेदक ने इसकी शिकायत की। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर तहसीलदार ने न्यायालय परिसर में संत मुनि शर्मा के साथ दुर्व्यवहार किया तथा उन्हें अपमानित कर बाहर निकाल दिया। संगठन के अनुसार घटना के बाद थाना चुरहट में संत मुनि शर्मा के विरुद्ध अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया गया। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज का दावा है कि तहसील न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से संबंधित महत्वपूर्ण रिकॉर्ड उपलब्ध हो सकता है।
संगठन ने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज सहित सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए। जिला अध्यक्ष राकेश दुबे ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने, यदि प्रकरण तथ्यहीन पाया जाता है तो निर्दोष व्यक्ति को राहत दिलाने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि पांच दिनों के भीतर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज एवं आमजन के सहयोग से चुरहट बाजार बंद कर आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा है कि आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
