इंदौर.देवास रोड स्थित सिंगापुर टाउनशिप में रेलवे का नया अंडरपास पहली ही तेज बारिश में जलमग्न हो गया. कुछ देर की बारिश के बाद यहां कमर तक पानी भर गया, जिससे रहवासियों का आवागमन प्रभावित हुआ. जलभराव के बाद अंडरपास की डिजाइन और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.करीब 9 फीट चौड़े और 25 फीट लंबे इस अंडरपास का लोकार्पण फरवरी में सांसद शंकर लालवानी और मंत्री तुलसीराम सिलावट की मौजूदगी में हुआ था. रहवासियों का कहना है कि नया अंडरपास पुराने की तुलना में अधिक गहरा है. इसी वजह से बारिश का पानी बाहर निकलने के बजाय यहां जमा हो रहा है.
अंडरपास में निगरानी के लिए कैमरे और जलस्तर बढ़ने पर अलर्ट देने के लिए सेंसर लगाए गए हैं. इसके बावजूद इस मौसम की पहली तेज बारिश में जलभराव की स्थिति बनने से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. रहवासियों के मुताबिक, निर्माण के दौरान जल निकासी और लेवल को लेकर आपत्तियां जताई गई थीं. अब वे अंडरपास की तकनीकी जांच और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. वहीं, रेलवे जल निकासी के लिए पंप का इस्तेमाल कर रहा है. रेलवे का कहना है कि अन्य अंडरपास में भी पंप के जरिए पानी निकाला जाता है. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में पंप पर निर्भर रहने के बजाय स्थायी समाधान जरूरी है.
