नयी दिल्ली, (वार्ता) दक्षिण पश्चिम एशिया के लिए सैमसंग के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जे.बी. पार्क ने सोमवार को कहा कि भारत कंपनी के लिए वैश्विक नवाचार का गढ़ बन चुका है।
भारत में कंपनी के 30 साल पूरे होने पर श्री पार्क ने कहा, “भारत की जो बात मुझे सबसे अधिक प्रेरित करती है, वह यह है कि यह देश लगातार आगे बढ़ता है और उम्मीदों से आगे निकलता है। आज हम भारत को केवल 1.4 अरब लोगों के बाजार के रूप में नहीं देखते। हम भारत को ऐसी जगह के रूप में देखते हैं, जहां तकनीक के भविष्य की कल्पना होती है, उसका विकास होता है और नेतृत्व किया जा रहा है।”
सैमसंग ने 1995 में भारतीय बाजार में कदम रखा था। पिछले तीन दशकों में देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती डिजिटल और नवाचारी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन गया है। इसी दौरान सैमसंग ने देश में अपने विनिर्माण नेटवर्क का विस्तार किया और अनुसंधान एवं डिजाइन क्षमताओं को मजबूत किया।
श्री पार्क ने कहा, “भारत में सैमसंग की कहानी कभी सिर्फ उत्पाद बेचने तक सीमित नहीं रही। यह भारत के साथ मिलकर आगे बढ़ने की कहानी रही है। लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि हमने भारत में तकनीक लाने से लेकर भारत के साथ मिलकर तकनीक बनाने तक का सफर तय किया है।” भारत में सैमसंग के दो आरएंडडी केंद्र बेंगलुरु और नोएडा में हैं।
भविष्य के रोडमैप के बारे में श्री पार्क ने कहा कि सैमसंग की महत्वाकांक्षा नवाचार की अगली लहर का नेतृत्व करने में भारत की मदद करना है, ताकि ऐसे नवाचार विकसित किये जा सकें जो दुनिया भर के लोगों के जीवन को बेहतर बना सकें।
