
ग्वालियर। घरेलू विवाद का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक महिला को अपने पति को शराब छोड़ने की सलाह देना भारी पड़ गया. आरोप है कि शराब के नशे में पति ने पत्नी पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. हैरानी की बात यह है कि अगर मौके पर मौजूद 12 वर्षीय बेटा हिम्मत नहीं दिखाता, तो घटना और भी भयावह हो सकती थी. घायल महिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है.
माधोगंज थाना क्षेत्र की प्रीतमपुर कॉलोनी में रहने वाले कमल सेन और उनकी पत्नी डॉली सेन के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. डॉली का आरोप है कि कमल शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में अक्सर मारपीट करता था. लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह पिछले करीब दो महीने से अपने मायके में रह रही थी.
*पति ने दिया था शराब छोड़ने का भरोसा*
डॉली के अनुसार, उसने पति के सामने साफ शर्त रखी थी कि वह तभी उसके साथ रहेगी जब वह शराब पीना छोड़ देगा. रविवार को कमल ने उसे घर बुलाया और भरोसा दिलाया कि अब वह शराब नहीं पिएगा. इसके बाद दोनों अपने बच्चों के साथ घूमने भी गए. परिवार को लगा कि शायद रिश्ते में आई दूरियां खत्म हो जाएंगी, लेकिन घर लौटते ही हालात बदल गए.
*विरोध करने पर जानलेवा हमला*
महिला का आरोप है कि घर लौटते समय कमल ने फिर शराब पी ली थी. जब घर पहुंचकर डॉली ने इसका विरोध किया तो वह गुस्से में आगबबूला हो गया. आरोप है कि उसने कैंची उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया और लगातार 8 से 10 वार किए. हमले में डॉली गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी.
