
जबलपुर: प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट रुचि गोलस सगर की उपस्थिति में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित श्रीराम प्रथम स्किलिंग सेंटर के माध्यम से बाल संप्रेक्षण गृह गोकलपुर में करियर मार्गदर्शन व कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दीपक व काशीराम द्वारा बच्चों को टू-व्हीलर सर्विस टेक्नीशियन लेवल-फोर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की जानकारी प्रदान की गई।
साथ ही बच्चों को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण, कौशल विकास व भविष्य में आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया गया। बच्चों को करियर के संबंध में मोटिवेशनल स्पीच दी गई व सकारात्मक सोच, व्यक्तित्व विकास एवं अनुशासन के महत्व के बारे में बताया गया। बच्चों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर किशोर न्याय बोर्ड सदस्य यशवेंद्र ठगेले, संस्था अधीक्षक माधुरी रजक, अनुज शर्मा, हामिद खान, सचिन मेहरा, घनश्याम यादव सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।
