चितरंगी: देवसर अंचल में शुक्रवार तड़के हुई तेज बारिश और आंधी से भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन तूफान ने कई जगह भारी नुकसान भी पहुंचाया। सुबह करीब 4 बजे से चितरंगी और देवसर क्षेत्र में तेज तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हुई, जो लगभग दो घंटे तक जारी रही। इस दौरान तेज चमक-गरज के साथ चली आंधी से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
तूफान के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, वहीं बिजली के तार भी टूट गए। बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली, लेकिन देवसर इलाके में हादसे भी सामने आए हैं। 11 केवी बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से 11 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन और बिजली विभाग की टीम नुकसान का जायजा लेने में जुटी हुई है।
