इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क की आड़ में कथित रूप से राजनीतिक सदस्यता अभियान चलाए जाने के आरोपों को लेकर इंदौर शहर कांग्रेस शिक्षा प्रकोष्ठ ने कुलपति और कुलसचिव को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है.कांग्रेस शिक्षा प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष यश यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्रों को शैक्षणिक मार्गदर्शन के साथ कथित रूप से एक राजनीतिक संगठन की सदस्यता दिलाने का दावा किया गया है.
उन्होंने वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की. यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध का केंद्र है, इसलिए परिसर में किसी भी प्रकार की राजनीतिक गतिविधियां शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित कर सकती हैं. ज्ञापन में मांग की गई है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति या संगठन के खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए.
तथ्यों की जांच कराई जाएगी
वहीं, कुलसचिव प्रज्वल खरे ने बताया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर एक वीडियो दिखाया है और उसे उपलब्ध कराने की बात कही है. उन्होंने कहा कि वीडियो मिलने के बाद तथ्यों की जांच कराई जाएगी और यदि किसी संगठन द्वारा विश्वविद्यालय परिसर का दुरुपयोग किए जाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
