देवास: राजस्थान में हाल ही में एक स्कूल भवन गिरने की दर्दनाक घटना के बाद देवास जिला प्रशासन ने समय रहते बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देश पर बागली अनुभाग के 11 खंडहरनुमा शासकीय स्कूल भवनों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे संभावित जनहानि को समय रहते रोका जा सका।
यह कार्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की मौजूदगी में किया गया। स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इस कार्यवाही को तत्काल अंजाम दिया, जिससे सैकड़ों छात्र-छात्राओं की जान जोखिम में पड़ने से बच गई।
कुल 18 खंडहरनुमा स्कूल चिन्हित, वैकल्पिक स्थानों पर चल रही हैं कक्षाएँ
बागली अनुभाग में कुल 442 शासकीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें से 18 स्कूल भवन पूरी तरह खंडहर हो चुके हैं और वहां पढ़ाई अब वैकल्पिक स्थानों पर की जा रही है। इसके अलावा, 27 अन्य स्कूल भवन भी जर्जर अवस्था में हैं, जिनमें से 18 स्कूल 30 वर्ष से अधिक पुराने हैं। इनकी रिपोर्ट बनाकर जिला स्तर पर भेज दी गई है।
पहली बार इतने बड़े पैमाने पर हुई कार्यवाही
जिले में यह पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर खंडहरनुमा स्कूल भवनों को हटाने की कार्यवाही की गई है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह द्वारा लिया गया यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐतिहासिक और सराहनीय माना जा रहा है।
प्रशासन की सक्रियता से लोगों में विश्वास बढ़ा
इस त्वरित और साहसिक निर्णय से क्षेत्र में प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की है और बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदम को आवश्यक और समयोचित बताया है।
