दोहा, 27 अगस्त (वार्ता) कतर के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल सानी गुरुवार को ईरान की राजधानी तेहरान जाएंगे और दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के प्रयासों पर चर्चा करेंगे।
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि शेख मोहम्मद गुरुवार को तेहरान पहुंचेंगे, जहां वह कई ईरानी अधिकारियों से मुलाकात कर तनाव कम करने और बातचीत के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि वार्ता में होर्मुज जलडमरुमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता और इस जलमार्ग को 28 फरवरी से पहले की स्थिति में बहाल करने की आवश्यकता पर भी चर्चा होगी।
फरवरी के अंत में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किये गये हमलों के बाद शुरू हुए अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद यह कतर के प्रधानमंत्री की ईरान की पहली यात्रा होगी।
अमेरिका और ईरान ने पाकिस्तान तथा कतर की मध्यस्थता में जून में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये थे। होर्मुज से जुड़े मतभेदों के कारण इस समझौते के क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
पिछले महीने अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सैन्य हमले फिर शुरू किये थे। इसके जवाब में ईरान ने अमेरिका के साथ गठजोड़ रखने वाले अरब देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था।
ऐसे में कतर के प्रधानमंत्री की तेहरान यात्रा को क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने और अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत के लिए परिस्थितियां तैयार करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
