एयर इंडिया के नये सीईओ गेब्रेमरियम ने संभाला कार्यभार, चंद्रशेखरन ने सुरक्षा पर फोकस को बताया अहम

नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी (सीईओ) अधिकारी तेवोल्दे गेब्रेमरियम ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया। टाटा समूह और एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन निवर्तमान सीईओ और प्रबंध निदेशक (एमडी) कैंपबेल विल्सन ने टाउनहॉल में श्री गेब्रेमरियम का स्वागत किया। श्री गेब्रेमरियम की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब एयर इंडिया में सुरक्षा को लेकर काफी चिंताएं हैं। पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना से इस साल अगस्त में एक पायलट के नशीले दवाओं के सेवन की बात सामने आने तक सुरक्षा से संबंधित कई चुनौतियां समाने आ चुकी हैं। साथ ही पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का दबाव भी है।

श्री चंद्रशेखरन ने भी टाउनहॉल में अपने संबोधन में सुरक्षा पर फोकस को अहम बताया। इथियोपियन एयरलाइंस के पूर्व प्रमुख श्री गेब्रेमारियम को सीईओ एवं एमडी नियुक्त करने की घोषणा गत 05 अगस्त को की गयी थी। श्री विल्सन के इस साल अप्रैल में इस्तीफा देने के बाद लंबी चयन प्रक्रिया के उपरांत निदेशक मंडल ने उनके नाम पर मुहर लगाई थी।श्री गेब्रेमारियम को विमानन उद्योग के सबसे सफल मुख्य कार्यकारी अधिकारियों में गिना जाता है।

इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के सीईओ के रूप में एक दशक से अधिक के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एक क्षेत्रीय एयरलाइन को अफ्रीका के सबसे बड़े, सबसे लाभदायक और सबसे सम्मानित एयरलाइन समूह में बदल दिया। उनके नेतृत्व में कंपनी का राजस्व चार गुना से अधिक तथा विमान बेड़ा लगभग तीन गुना बढ़ा। वह डेल्टा एयरलाइंस के वरिष्ठ रणनीतिक सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके हैं। श्री चंद्रशेखरन ने टाउनहॉल में कहा कि एयरलाइन के अगले चरण में सुरक्षा, ग्राहकों का भरोसा, परिचालन निष्पादन और लागत अनुशासन पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “सबसे महत्वपूर्ण बात जो एयर इंडिया को हासिल करनी चाहिए, वह है लोगों के मन में भरोसा।”
उन्होंने कहा कि एयरलाइंस को किसी भी चीज से ऊपर सुरक्षा की परवाह करने के लिए जाना जाना चाहिए। उसका सुरक्षा रिकॉर्ड न केवल दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइंस के बराबर होना चाहिए, बल्कि उनसे भी बेहतर होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा इस बारे में नहीं है कि हम क्या कहते हैं। यह इस बारे में है कि हम हर दिन क्या करते हैं। इसे हासिल करने के लिए संगठन में विश्व-स्तरीय प्रक्रियाओं, कड़े अनुपालन और व्यक्तिगत जवाबदेही की आवश्यकता होगी। चेयरमैन ने कस्टमर एक्सपीरियंस में निरंतरता और तेज़ी से बदलते ऑपरेटिंग माहौल में प्रतिक्रिया देने में अधिक चपलता पर भी जोर दिया।वित्तीय स्थिरता के महत्व पर ज़ोर देते हुए, उन्होंने कर्मचारियों से लागत-चेतना की एक मजबूत संस्कृति बनाने में मदद करने का आग्रह किया।

.....

Next Post

बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे पिता-पुत्री घायल, कार चालक टक्कर मारकर फरार

Mon Sep 7 , 2026
सिंगरौली: बैढ़न नगर निगम शिव मंदिर के सामने सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे पिता-पुत्र को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता और बच्ची दोनों घायल हो गए।बताया जा रहा है कि पिता अपनी बेटी को ई-कोल स्कूल […]

You May Like

मनोरंजन