सड़क हादसे में महिला की मौत, गैस भभकने से जली वृद्धा ने दम तोड़ा

इंदौर:शहर में अलग-अलग तीन घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई. तेजाजी नगर में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि लसूड़िया में गैस भभकने से झुलसी बुजुर्ग महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं टिकरिया बादशाह में सब्जी विक्रेता ने फांसी लगा ली. तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है.
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के बायपास स्थित होमगार्ड मैदान के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी. 32 वर्षीय रेखा पति मनीराम के साथ बाइक से जा रही थी. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और रेखा ट्रक की चपेट में आ गई. पहिया सिर के ऊपर से गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मनीराम पत्नी का शव गोद में रखकर परिजनों को फोन करता रहा. राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव एमवाय अस्पताल भेजा, ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है.
इधर, लसूडिया के बजरंग नगर निवासी 65 वर्षीय तेजूबाई पति स्व. दयाराम 24 अगस्त को छोटे सिलेंडर पर दलिया बना रही थीं. अचानक गैस भभकने से उनके कपड़ों में आग लग गई. गंभीर हालत में उन्हें एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उनकी मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस को बताया कि मकान में निर्माण कार्य के कारण वह पास के एक कमरे में किराए से रह रही थीं और हादसे के समय अकेली थीं. वहीं टिकरिया बादशाह में 41 वर्षीय जितेंद्र पुत्र चत्तर सिंह ने शनिवार को घर में फांसी लगा ली. परिजनों ने उन्हें फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी, जितेंद्र सब्जी बेचते थे. परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह तांत्रिक बाधा के वहम से परेशान थे और उनका इलाज भी चल रहा था, पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है.

Next Post

टायर फटने से बेकाबू कार डिवाइडर से टकराई आधा दर्जन दर्शनार्थी घायल, एनएच 3 पर हुआ हादसा

Mon Sep 7 , 2026
सतना : मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर रविवार की सुबह हुए सडक़ हादसे में आधा दर्जन दर्शनार्थी घायल हो गए. घायलों में से 2 को गंभीर चोट आने के कारण जिला चिकित्सालय सतना रेफर किया गया है. टायर फटने से बेकाबू कार का […]

You May Like

मनोरंजन