मर्कोसुर, यूरोपीय संघ ने किये मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर

असुनसियन, 18 जनवरी (वार्ता/शिन्हुआ) दक्षिणी साझा बाजार (मर्कोसुर) और यूरोपीय संघ (ईयू) ने 25 साल से चल रही बातचीत के बाद पराग्वे की राजधानी असुनसियन में एक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।

हस्ताक्षर समारोह में शनिवार को यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ अर्जेंटीना, ब्राजील, पराग्वे और उरुग्वे के विदेश मंत्रियों सहित ईयू और मर्कोसुर के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

इस समझौते का उद्देश्य दोनों गुटों के बीच आयात शुल्क को कम करना और व्यापार का विस्तार करना है। अब इसे यूरोपीय संसद की मंजूरी के साथ-साथ मर्कोसुर सदस्य देशों अर्जेंटीना, ब्राजील, पराग्वे और उरुग्वे की विधायिकाओं द्वारा अनुसमर्थन मिलना बाकी है।

पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना ने दोनों गुटों के नेताओं को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए इस दिन को “वास्तव में ऐतिहासिक” बताया। सुश्री वॉन डेर लेयेन ने कहा कि यह समझौता निष्पक्ष व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग के पक्ष में “एक बहुत मजबूत संदेश” भेजता है।

श्री कोस्टा ने कहा, “यह समझौता अलगाववाद, एकपक्षवाद और व्यापार को भू-राजनीतिक हथियार के रूप में उपयोग करने के विपरीत खुलेपन, आदान-प्रदान और सहयोग के प्रति एक दृढ़ प्रतिबद्धता है।”

यह सौदा 70 करोड़ से अधिक की संयुक्त आबादी को कवर करता है। यूरोपीय आयोग के अनुसार, यूरोपीय संघ का अब तक का यह सबसे बड़ा व्यापारिक समझौता प्रति वर्ष ईयू निर्यात पर चार अरब यूरो (4.65 अरब अमेरिकी डॉलर) से अधिक के शुल्क को समाप्त कर देगा।ईयू मर्कोसुर को मुख्य रूप से मशीनरी, रासायनिक उत्पाद और परिवहन उपकरणों का निर्यात करता हैं, जबकि मर्कोसुर से होने वाले निर्यात में बड़े पैमाने पर कृषि सामान, खनिज और वानिकी उत्पाद शामिल हैं।

इस समझौते पर बातचीत लगभग 25 वर्षों तक चली, जो बदलते राजनीतिक गठबंधनों, दक्षिण अमेरिका में पर्यावरण सुरक्षा उपायों पर विवाद और यूरोप के कृषि क्षेत्र के कुछ हिस्सों के विरोध के कारण बार-बार रुकती और फिर शुरू होती रही।

 

 

Next Post

मंदिरों में चोरी के आरोप में दो को आगर जेल से लाई पुलिस

Sun Jan 18 , 2026
शुजालपुर। शहर के दो प्रमुख देवालयों में पिछले दिनों हुई चोरी के मामले में शुजालपुर मंडी पुलिस दो आरोपियों से पूछताछ कर रही है, इन आरोपियों को आगर जेल से पूछताछ के लिए वारंट पर लेकर आई है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पीएसटीएन डॉटा आगर व शुजालपुर में […]

You May Like