
इंदौर. देव नगर क्षेत्र में आबकारी विभाग ने एक आयशर से करीब 500 पेटी शराब जब्त की है. बरामद शराब की कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई जा रही है. बड़ी खेप मिलने के बाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी.
आबकारी टीम ने पंचमुखी हनुमान मंदिर से आरटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर खड़े संदिग्ध आयशर नम्बर एमपी 09 जीएच 2370 को रोककर तलाशी ली थी. वाहन से पैरिस रोज प्रीमियम व्हिस्की के 180 एमएल के पाव की करीब 500 पेटियां मिलीं. विभाग ने शराब जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आबकारी विभाग की दो दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है. इतनी बड़ी मात्रा में शराब मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है. टीम शराब के स्रोत, वाहन के मालिक और खेप से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब को इंदौर में ही खपाया जाना था या किसी दूसरे शहर तक पहुंचाया जा रहा था. आबकारी अधिकारी का कहना है कि शराब की खेप के स्रोत, वाहन के स्वामित्व और इसे इंदौर या अन्य स्थान पर पहुंचाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. वाहन से जुड़े लोगों और शराब तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है.
