केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोयंबटूर से किया कपास क्रांति का आगाज

कोयंबटूर (तमिलनाडु)/नई दिल्ली, (वार्ता) देश में कपास का उत्पादन-उत्पादकता बढ़ाने के लिए तमिलनाडु के कोयंबटूर में आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में महामंथन हुआ।

इसमें ‘एक राष्ट्र- एक कृषि- एक टीम’ के रूप में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा सहित केंद्रीय कृषि, वस्त्र व अन्य सम्बद्ध मंत्रालयों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) एवं राज्यों के अफसरों के साथ ही कपास उत्पादक किसान, वैज्ञानिक, उद्यमी आदि शामिल हुए, जिन्होंने कपास के विकास के लिए मिलकर रोडमैप बनाने के लिए दिनभर गहन विचार-विमर्श किया। किसानों ने अपने अनुभव व चुनौतियों को साझा किया, वहीं अच्छे बीज व उन्नत तकनीक की आवश्यकता बताईं।

यह आयोजन कोयंबटूर में आईसीएआर के गन्ना प्रजनन संस्थान में किया गया। इसमें कपास उत्पादन व उत्पादकता बढ़ाने के साथ ही लागत घटाने, अच्छी क्वालिटी की पैदावार, उन्नत बीज किस्मों के विकास समेत विभिन्न चुनौतियों व आगे की संभावनाओं पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा- जिंदगी की ज़रूरत सबसे बड़ी रोटी के बाद कपड़ा है। जैसे रोटी के बिना नहीं रह सकते, वैसे ही कपड़ों के बिना भी नहीं रह सकते और कपड़ा बनता है कपास से, कपास पैदा करते हैं किसान। वैसे भी भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है किसान, कृषि व किसान उसकी आत्मा, किसानों की सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारे लिए भगवान की पूजा है।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि हम सब मिल-जुलकर कपास मिशन पर आगे मजबूती से काम करेंगे, इस निश्चय के साथ कि हमारा कपास दुनिया में सबसे अच्छा होगा, भरपूर होगा और आने वाले वर्षों में कपास हमें बाहर से मंगवाना नहीं पड़ेगा। हम कॉटन का एक्सपोर्ट करके भी दिखाएंगे, ये संकल्प है आज की बैठक का।

श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली, संपन्न, समृद्ध, शक्तिशाली व विकसित भारत का निर्माण हो रहा है और विकसित भारत में कपास बाहर से क्यों मंगाना पड़े, हम अपनी जगह का कपास अच्छी क्वालिटी का खुद पैदा करें, ये चैलेंज है तो मिलकर हम सब लोग काम करेंगे।

 

Next Post

भारत की लड़खडाती पारी केएल राहुल और पंत के सहारे

Sat Jul 12 , 2025
लंदन (वार्ता) इंग्लैंड को 387 रनों के स्कोर पर रोकने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी लड़खड़ाई भारतीय पारी को सलामी बल्लेबाज के एल राहुल (नाबाद 53) और ऋषभ पंत (नाबाद 19) के सहारे है। तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत ने स्टंप के समय तीन विकेट पर […]

You May Like