लंदन (वार्ता) इंग्लैंड को 387 रनों के स्कोर पर रोकने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी लड़खड़ाई भारतीय पारी को सलामी बल्लेबाज के एल राहुल (नाबाद 53) और ऋषभ पंत (नाबाद 19) के सहारे है। तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को भारत ने स्टंप के समय तीन विकेट पर 145 रन बना लिये है।
इससे पहले जसप्रीत बुमराह (74 रन पर पांच विकेट), मोहम्मद सिराज और नीतीश कुमार रेड्डी (दो-दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम भारत ने चायकाल से पहले इंग्लैंड को 387 रन के स्कोर पर रोक दिया।
इंग्लैंड के 387 रनों के जवाब में भारत ने दूसरे दिन चायकाल तक एक विकेट खोकर 44 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 13 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। चायकाल के बाद करुण नायर 40 को आउटकर बेन स्टोक्स ने भारत का दूसरा झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान शुभमन गिल 16 रन को वोक्स ने जेमी स्मिथ के हाथों स्टंप कराकर पवेलियन भेज दिया। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय भारत ने 43 ओवर में तीन विकेट पर 145 रन बना लिये है। के एल राहुल (नाबाद 53) और ऋषभ पंत (नाबाद 19) क्रीज पर मौजूद थे।भारत अभी भी इंग्लैंड के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 242 रन पीछे है और उसके सात विकेट अभी शेष है। इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले कल के चार विकेट पर 251 रनों से आगे खेलने उतरी इंग्लैड को आज सुबह के सत्र में जसप्रीत बुमराह के कहर का सामना करना पड़ा। कप्तान बेन स्टोक्स ने अभी अपने स्कोर में पांच रन जोड़े थे कि बुमराह ने उन्हें बोल्ड कर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। बेन स्टोक्स ने 110 गेंदों में चार चौकों की मदद से 44 रनों की पारी खेली।
इसके बाद बल्लेबाजी करने आये जेमी स्मिथ ने जो रूट के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान जो रूट ने चौका लगाकर अपना टेस्ट शतक पूरा किया। यह जो रूट के 156 मैचों के टेस्ट करियर का 37वां और भारत के खिलाफ 11वां टेस्ट शतक था। इसी के बाद बुमराह ने उन्हें भी बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। जाे रूट ने 199 गेंदो में 104 रनों की पारी खेली। क्रिस वोक्स (शून्य) को भी बुमराह ने आउट किया।
लंच तक इंग्लैंड ने सात विकेट पर 353 रन बना लिये है। लंच के बाद मोहम्मद सिराज ने जेमी स्मिथ (51) को आउटकर भारत को आठवीं सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये जोफ्रा आर्चर (चार) को बुमराह ने बोल्ड कर अपना पांचवां और भारत के लिए नौवां विकेट लिया। 113वें ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने ब्रायडन कार्स (56) को आउट कर इंग्लैंड की पहली पारी का 387 रन के स्कोर पर अंत किया।
चलिए आखिरकार इंग्लैंड की पारी समाप्त हो गई। बुमराह ने बेहतरीन गेंदबाजी की और सिराज ने उनका शानदार साथ दिया। हालांकि जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स के बीच जो साझेदारी हुई, उससे भारतीय टीम निराश होगी। इसलिए इंग्लैंड की टीम 400 के करीब तक पहुंची है।
भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 74 रन पर पांच विकेट लिये। उन्होंने पहले टेस्ट की पहली पारी में भी पांच विकेट लिए थे। मोहम्मद सिराज और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो विकेट मिले। रवींद्र जडेजा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
