
छिंदवाड़ा. नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित बहुआयामी कार्यक्रमों की श्रृंखला का शनिवार की शाम एक भव्य संगीतमय संध्या के साथ सफल समापन हुआ। कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने स्थित मैदान में आयोजित एक शाम नगर गौरव के नाम, सांस्कृतिक कार्यक्रम में हजारों की संख्या में उमड़े शहरवासियों ने सुरमई प्रस्तुतियों का आनंद लिया। नगर गौरव दिवस के अवसर पर शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की गई थी। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि नगर गौरव दिवस हमारी सांस्कृतिक धरोहर, एकजुटता और छिंदवाड़ा के तेजी से बदलते विकास पथ का प्रतीक है। ऐसे आयोजन शहर के नागरिकों में अपने नगर के प्रति गौरव और आत्मीयता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर निगम महापौर विक्रम अहके ने समस्त शहर वासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहरवासियों के अपार उत्साह और सहयोग ने नगर गौरव दिवस के सभी आयोजनों को ऐतिहासिक बना दिया है। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा को स्वच्छ, सुंदर, हरित और अग्रणी शहर बनाना हम सभी का साझा संकल्प है। इस भव्य संगीतमय संध्या के अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद विवेक बंटी साहू, महापौर विक्रम अहके, जनप्रतिनिधि, एमआईसी सदस्यगण, स्थानीय पार्षदगण, नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम जनमानस व शहर के नागरिक सपरिवार उपस्थित रहे। नगर निगम प्रशासन ने सभी आयोजनों को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए समस्त शहरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
रूपम भरनारिया की सुरीली गायकी से हुए मंत्रमुग्ध
संगीतमय संध्या का मुख्य आकर्षण लोकप्रिय टीवी शो इंडियन आइडल फेम सुप्रसिद्ध गायिका रूपम भरनारिया की प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी जादुई आवाज और सुरीली गायकी से भक्ति, सूफी, रोमांटिक एवं लोकप्रिय फिल्मी गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। दर्शक देर रात तक संगीत की धुनों पर झूमते और तालियां बजाते नजर आए।
खजरी तालाब व बोरिया में वृहद वृक्षारोपण
हरित छिंदवाड़ा के संकल्प के साथ खजरी तालाब परिसर एवं बोरिया क्षेत्र में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया, जिसमें जल व पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
स्वच्छता मैराथन व फिटनेस गतिविधियां
नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में युवाओं, विद्यार्थियों व खिलाडिय़ों के लिए स्वच्छता मैराथन का आयोजन किया गया। इस दौरान जुंबा डांस, लकी क्विज कंपटीशन एवं स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को जन-जागरूकता का संदेश दिया गया। शिक्षक दिवस एवं नगर गौरव दिवस के अवसर पर शहर में स्थापित महान विभूतियों, राष्ट्र निर्माताओं एवं वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
