काठमांडू, 05 सितंबर (वार्ता) नेपाल में भोटेकोशी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान के बीच राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 1,344 शव बरामद किये जा चुके हैं, जबकि करीब 5,000 लोग संपर्क से बाहर हैं। बचाव अभियान में अब तक 13,098 लोगों को बचाया गया है। एनडीआरआरएमए के अनुसार 5,006 लोगों के नामों की पुष्टि की जा चुकी है। संपर्क से बाहर लोगों में हाइड्रोपावर परियोजनाओं से जुड़े 639 लोग, विदेशी नागरिक 583, विदेशी पर्यटकों के साथ यात्रा कर रहे नेपाली 164, नेपाली सेना के 45, नेपाल पुलिस के 25, सशस्त्र पुलिस बल के 13 और लांगटांग राष्ट्रीय उद्यान के तीन लोग शामिल हैं।
इस बीच, सरकारी बचाव पोर्टल पर 12,608 लोगों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज है, जबकि 13,638 लोगों के मिलने की रिपोर्ट दर्ज की गयी है। पिछले 24 घंटे में 198 नयी रिपोर्ट सामने आयी हैं। ये आंकड़े प्रधानमंत्री कार्यालय के बचाव पोर्टल से संबंधित हैं और एक ही व्यक्ति की कई रिपोर्ट दर्ज होने के कारण इन्हें आधिकारिक मृतक या लापता लोगों के आंकड़ों के साथ नहीं जोड़ा जा सकता।एनडीआरआरएमए ने स्पष्ट किया है कि ‘संपर्क से बाहर’ होने का अर्थ मृत होना नहीं है। बरामद शवों में ऐसे लोग भी शामिल हो सकते हैं जिनकी पहचान अभी नहीं हुई है। प्राधिकरण के आधिकारिक आंकड़े समय-समय पर अपडेट किये जा रहे हैं।
