जम्मू मैराथन में तीन हजार से अधिक एथलीटों ने लिया भाग

जम्मू, (वार्ता) जम्मू और कश्मीर पुलिस के सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत गुलशन ग्राउंड में आयोजित जम्मू मैराथन ‘रन फॉर फन’ में रविवार को तीन हजार से अधिक एथलीटों ने भाग लिया।

आज यहां मैराथन को एडीजीपी सशस्त्र पुलिस जम्मू और कश्मीर आनंद जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से 3000 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया। मैराथन के लिए स्कूली बच्चों, दिग्गजों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों सहित सभी उम्र के लोगों की भारी भीड़ देखी गई।

नौ श्रेणियों में विभिन्न दूरियों के लिए हुई इस मैराथन में शामिल हुए प्रतिभागियों के लिए भोजन उपलब्ध कराया गया। गुलशन ग्राउंड से बाजाल्टा क्रॉसिंग के पास हिल व्यू होंडा तक 21 किलोमीटर की दौड़ में विभिन्न आयु समूहों लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा 10 किमी, पांच किमी, चार किमी और दो किमी की छोटी दौड़ का भी आयोजन हुआ।

21 किलोमीटर की हाफ मैराथन (पुरुष) में प्रथम स्थान पर मनजीत सिंह (फिरोजपुर, पंजाब) रहे, उसके बाद गुरचरण सिंह (आरएस पुरा, जम्मू) और रवि दास (राम नगर, उधमपुर) रहे।

10 किलोमीटर की रोड रेस (महिला, 18 वर्ष से अधिक) श्रेणी में सविता पॉल (यूपी), वीरपाल कौर (पंजाब) और शमशादा बानो (बलीचराना, जम्मू) ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

10 किलोमीटर की रोड रेस (लड़के, अंडर 18) में परवीन कुमार (चेनानी, उधमपुर) ने पहला, विभुम पांडे (सैनिक स्कूल, नगरोटा) ने दूसरा और अंकित कुमार (लुधियाना, पंजाब) ने तीसरा स्थान हासिल किया।

10 किलोमीटर जूनियर रोड रेस (लड़कियां, अंडर 18) में सुलेखा ने पहला स्थान हासिल किया, महक निषाद और सानिया चौधरी ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 10 किलोमीटर वेटरन्स रेस (महिला, 45 से अधिक) में मनमिंदर कौर (त्रिकुटा नगर, जम्मू) पहले, टीना साही (जम्मू) दूसरे और सीमा खरयाल (गंग्याल, जम्मू) तीसरे स्थान पर रहीं। 10 किलोमीटर वेटरन्स रेस (पुरुष, 45 से अधिक) में जोगा सिंह (लुधियाना, पंजाब), राम राज (पथ्याल, जम्मू) और पुरुषोत्तम लाल (लक्ष्मी नगर, मुथी, जम्मू) ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। 5 किलोमीटर सब जूनियर रेस (लड़के, अंडर 14) में मोहम्मद फरीद (राजौरी) ने पहला स्थान, उमर शौकत (नगरोटा, जम्मू) ने दूसरा स्थान और राहिक मन्हास (कटरा, रियासी) ने तीसरा स्थान हासिल किया, 4 किलोमीटर सब जूनियर रेस (लड़कियां, अंडर 14) में कोमल (गुज्जर नगर, जम्मू), एलीना सिंह (ओल्ड जानीपुर, जम्मू) और शबू देवी (कटरा, रियासी) ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

दो किलोमीटर रन फॉर फन (सभी के लिए खुला, वरिष्ठ नागरिक, पुरुष, महिला और बच्चे) में सबसे कम उम्र की महिला: नांशिका राजपूत (पांच वर्ष), सबसे कम उम्र का पुरुष: प्रियांश सिंह सैनी (4 वर्ष), सबसे बड़ी महिला: अमृत कौर (63 वर्ष) और सबसे बड़ी उम्र का पुरुष: अंग्रेज सिंह (72 वर्ष) विजेता रहे।

पुरस्कार वितरण समारोह में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम.के. सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय और समन्वय पीएचक्यू, जम्मू-कश्मीर सहित प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि के साथ, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों ने विभिन्न श्रेणियों में विजेताओं के बीच एक लाख 84 हजार रुपये के नकद पुरस्कार, पदक और प्रमाण पत्र वितरित किए।

Next Post

प्रगति पेट्रोल पम्प के सामने की सड़क में है गड्ढे, वाहनों का चलना हो रहा मुश्किल

Mon Mar 17 , 2025
भोपाल। प्रगति पेट्रोल पंप क्षेत्र में सड़कें जर्जर हालत में हैं। सड़कों में गड्ढे, और धुल की भरमार हैं, जिससे वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ […]

You May Like