जबलपुर: चेटीचंद्र के पावन अवसर पर जबलपुर में सिंधी समाज द्वारा भगवान झूलेलाल जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इष्ट देव भगवान झूलेलाल जी की आकर्षक प्रतिमा के साथ निकले इस चल समारोह ने शहर की फिज़ा को भक्तिमय बना दिया। “झूलेलाल बेड़ा ही पार” के जयकारों के बीच यात्रा का शुभारंभ हुआ और देखते ही देखते सड़कों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
रंग-बिरंगी झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज
यात्रा के दौरान रंग-बिरंगी झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्ति गीतों पर थिरकते युवा आकर्षण का केंद्र बने रहे। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश सजाए चल रही थीं, वहीं बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूरा मार्ग भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों द्वारा शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह पुष्प वर्षा, प्रसाद वितरण और पेयजल की व्यवस्था ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। हर वर्ग के लोग इस आयोजन में शामिल होकर अपनी श्रद्धा प्रकट करते नजर आए।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कैंट विधायक अशोक रोहाणी सहित अभिलाष पांडे, जगत बहादुर अन्नू, विनय सक्सेना, स्वामी अशोकानंद, प्रदीप महाराज, डॉ. जय रोहाणी, तारू खत्री, सुधीर भागचंदानी, श्याम असवानी, जय सचदेवा, उमेश परवानी, राजकुमार कंधारी, गोपी खेमानी, पितू जयसिंघानी, दिलीप हिरानी, मुकेश आहुजा, विशाल कृष्णनी, प्रह्लाद जगवानी, दिनेश जयसिंघानी, दीपु बालानी, हनी सवलानी, राहुल माखीजानी, कपिल, मयूर कुलसेजा, सोनू लालवानी, जीतू खत्री, मयंक मतानी और दीपक मंगलानी की विशेष उपस्थिति रही। भारतीय महिला शाखा से मनीषा रोहाणी, परी कृष्णानी, नेहा जगवानी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
