
भोपाल: मप्र कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि अतिवृष्टि, पीले मोज़ेक रोग और प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान झेल रहे किसान समय पर सोयाबीन खरीदी की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार गंभीर नहीं दिख रही।
उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उस बयान पर सवाल उठाया जिसमें कहा गया कि “राज्य प्रस्ताव भेजेगा तो खरीदी करेंगे।” राहुल राज ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव किसानों की समस्या को लेकर उदासीन हैं? साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना भी इस मुद्दे पर पूरी तरह गायब हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले साल भी खरीदी का निर्णय देर से लिया गया था और किसानों को आंदोलन करना पड़ा था। इस बार भी सितंबर समाप्त होने को है, लेकिन समर्थन मूल्य ₹5,328 प्रति क्विंटल पर खरीदी को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों को कम से कम ₹7,000 का भाव मिलना चाहिए। राहुल राज ने बीमा योजना की गड़बड़ियों, खाद संकट और राहत राशि में देरी को भी सरकार की विफलता बताया।
