नई दिल्ली, हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के फैसले के बाद सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान में बौखलाहट बढ़ती जा रही है। पाकिस्तानी पत्रकार और पीसीबी के पूर्व प्रमुख नजम सेठी ने एक टीवी कार्यक्रम के दौरान भारत को आक्रामक धमकी देते हुए कहा कि यदि भारत ने सिंधु नदी का पानी रोका, तो पाकिस्तान सेना मिसाइलें मारकर चिनाब नदी पर बने भारतीय डैम और सुरंग प्रोजेक्ट्स को तबाह कर सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर के नेतृत्व में इस तरह के मामलों में बेहद आक्रामक रुख अपनाया जाएगा।
भारत के अस्तित्व पर संकट और परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का बेतुका दावा
अपनी भड़काऊ बयानबाजी को आगे बढ़ाते हुए सेठी ने यहां तक कह दिया कि सिंधु जल प्रणाली पाकिस्तान के लिए जीवन-मरण का प्रश्न है और पानी रोकने की स्थिति को देश पर बड़े सैन्य हमले के समान माना जाएगा। उन्होंने खुले तौर पर धमकी दी कि यदि ऐसी नौबत आती है, तो पाकिस्तान अपनी रक्षा के लिए परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से भी पीछे नहीं हटेगा। राजनीतिक गलियारों में नवाज शरीफ और शहबाज शरीफ के करीबी माने जाने वाले सेठी का यह बयान दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव को और अधिक बढ़ाने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ ईरानी राष्ट्रपति की मुलाकात से पाकिस्तानी कारोबारी नाराज
इस बीच, पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी कारोबारी साजिद तरार ने भी भारत के बढ़ते वैश्विक कूटनीतिक प्रभाव पर नाराजगी जताई है। तरार ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन द्वारा भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात किए जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ईरान को भारत से ऐसा क्या लगाव मिल रहा है, जबकि भारत के संबंध इजराइल के साथ मजबूत हैं। इस तरह के बयानों से यह स्पष्ट है कि कूटनीतिक मोर्चे पर मिल रही असफलताओं के कारण पाकिस्तान और उससे जुड़े हलकों में भारी निराशा और बौखलाहट का माहौल है।

