इंदौर: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल प्रभाग द्वारा सारे भारत में चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान का इंदौर जोन में शुभारंभ कार्यक्रम न्यू पलासिया स्थित ज्ञानशिखर में आयोजित हुआ, जिसमें राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से स्थाई रूप से नशा मुक्त होने वाले 254 विजयी योद्धाओं का समारोह में सम्मान किया गया.कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मप्र के नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नशा छोड़ चुके विजयी योद्धाओं को संबोधित करते हुए कहा कि दुर्व्यसनों के नशे के बदले समाज के विकास और देश सेवा का नशा करें.
जो युद्ध में जीतते हैं, वह वीर कहलाते हैं, पर जो स्वयं को जीतते हैं, वह महावीर कहलाते हैं. वह महावीर आप सब हैं, क्योंकि स्वयं को जीतना सबसे मुश्किल कार्य है. ब्रह्माकुमारी संस्था के देश हित के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संस्थान का जन-जन को नशा मुक्त करने का कार्य देश पर बहुत बड़ा उपकार है, क्योंकि एक व्यक्ति नशा मुक्त होता है तो उसका पूरा परिवार, समाज तथा हजारों लोगों के जीवन में उसका प्रभाव पड़ता है.
इस अवसर पर माउंट आबू से आए ब्रह्माकुमारीज के मेडिकल विंग के सेक्रेटरी तथा नशा मुक्त भारत अभियान के प्रणेता डॉ. बनारसी लाल शाह ने अभियान का उद्देश्य बताते हुए कहा कि राजयोग मेडिटेशन के निरंतर अभ्यास से नशे की लत से ग्रस्त लोगों को नशा मुक्त बनने में मदद मिलती है. इस अभियान के अंतर्गत 36 नशा मुक्ति रथों द्वारा पूरे भारतवर्ष में गांव-गांव, शहर-शहर के स्कूल, कॉलेज एवं अनेक सामाजिक संस्थाओं में कार्यक्रम कर नशा मुक्त होने का संदेश दे रहे हैं.
सकारात्मक माहौल बनाने की जरूरत
इंदौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने कहा कि आप विजयी योद्धाओं ने जीवन में आध्यात्मिकता को अपनाकर वह सराहनीय कार्य किया है, जिससे सिद्ध हो गया कि दृढ़ संकल्प द्वारा स्वयं के मनोबल को बढ़ाकर किसी भी तरह के नशे से सहज ही छुटकारा पाया जा सकता है. एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने कहा कि आज के सोशल मीडिया के युग में चारों ओर नकारात्मकता बढ़ रही है, इस कारण लोगों में नशे की लत को बढ़ावा मिल रहा है. इसे कंट्रोल करने के लिए समाज में सकारात्मक माहौल बनाने की जरूरत है. समारोह में उपस्थित 254 विजयी योद्धाओं को मेडल, शॉल, सर्टिफिकेट तथा ईश्वरीय सौगात देकर ताज एवं बैच पहनाकर सम्मान किया गया. मेडिकल विंग की जोनल कोऑर्डिनेटर ब्रह्माकुमारी उषा बहन ने आभार माना. संचालन फिजिशियन डॉ. शिल्पा देसाई ने किया
