
इंदौर. क्राइम ब्रांच ने शिवाजीनगर सब्जी मंडी रोड पर बिना नंबर की अर्टिगा कार में बैठे तीन युवकों को 17 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा है. आरोपी कार के ड्राइवर सीट के पास हैंडरेस्ट के अंदर ड्रग्स छिपाकर रखे थे. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कार समेत करीब 9.70 लाख रुपए का माल जब्त किया है.
क्राइम ब्रांच की टीम 3 सितंबर को मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े संदिग्धों की तलाश में शिवाजीनगर सब्जी मंडी रोड पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान सड़क किनारे बिना नंबर की सफेद अर्टिगा में तीन युवक संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिए. पुलिस ने घेराबंदी कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान रोहित वर्मा, क्रिश दुबे और समीर अहीर के रूप में बताई. कार की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पास बने हैंडरेस्ट के अंदर 17 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली. इसकी अनुमानित कीमत 1.70 लाख रुपए बताई गई है. पुलिस ने करीब 8 लाख रुपए कीमत की अर्टिगा भी जब्त की है.
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित वर्मा खजराना क्षेत्र का रहने वाला है और नौवीं तक पढ़ा है. वह सोफे पर कवर चढ़ाने का काम करता है. क्रिश दुबे एमआईजी क्षेत्र का निवासी है और बीकॉम तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि समीर अहीर भी एमआईजी क्षेत्र का रहने वाला है और आठवीं तक पढ़ा है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि तीनों के पास ड्रग्स कहां से आई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था. पूछताछ में इनके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. क्राइम ब्रांच ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. मामले में एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने नव भारत को बताया कि क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को 17 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा है. आरोपियों से ड्रग्स के स्रोत, खरीदी-बिक्री और इनके संपर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है, जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
