
ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय के नए कुलपति के नाम की घोषणा गुरुवार को अंतिम इंटरैक्शन बैठक के बाद कर दी गई। सागर स्थित डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर दिवाकर सिंह राजपूत को जीवाजी विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। वे शीघ्र ही जीवाजी विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलपति का पदभार ग्रहण करेंगे। प्रो. राजपूत वहां समाजशास्त्र एवं सामाजिक कार्य विभाग की जवाबदेही संभाल रहे थे।
जीवाजी विश्वविद्यालय में पिछले वर्ष धारा 52 लागू होने के बाद विश्वविद्यालय के तत्कालीन प्रशासनिक ढांचे में बदलाव किया गया था। इसके तहत राज्यपाल एवं कुलाधिपति द्वारा प्रो. राजकुमार आचार्य को विशेष रूप से जीवाजी विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया था। प्रो. आचार्य ने धारा 52 के तहत विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी संभाली और निर्धारित अवधि तक कुलपति के रूप में कार्य किया।मई में जीवाजी विश्वविद्यालय से धारा 52 समाप्त होने के बाद नियमित कुलपति की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके लिए आवेदन और अन्य विधिवत प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को अंतिम इंटरैक्शन बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत के नाम पर मुहर लगी।
प्रो. आचार्य ने जून के अंतिम सप्ताह में अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद कुलपति पद से सेवानिवृत्ति ली थी। अब नए कुलपति के पदभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय में नियमित प्रशासनिक व्यवस्था आगे बढ़ेगी।
