प्रधान आरक्षक की हत्या कर फरार हुआ आरोपी पति मुंबई के निकट से गिरफ्तार

सीधी। प्रधान आरक्षक की हत्या कर करीब एक साल से फरार आरोपी पति को पुलिस ने मुंबई के निकट से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में फरार आरोपी की गिरफ्तारी का खुलासा करते हुए बताया कि सीधी पुलिस की रणनीतिक कार्यवाही यह रही की पंचर की दुकान संचालक बनकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और सही समय पर घेराबंदी कर दबोचा। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने करीब एक वर्ष पुराने एवं अत्यंत संवेदनशील महिला प्रधान आरक्षक की हत्या के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को मुंबई के निकट राजगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया, महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेन्द्र साकेत उर्फ लाला पिता रामनाथ साकेत उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम मवई, थाना चुरहट, जिला सीधी के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

क्या था पूरा मामला-

दिनांक 15 सितंबर 2025 की रात्रि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आवास क्रमांक जी-7 पुलिस लाइन सीधी में महिला प्रधान आरक्षक सविता साकेत की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी। मृतका की पुत्री की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका एवं उसके पति वीरेन्द्र साकेत के मध्य पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सविता घर के कमरे में मृत अवस्था में पाई गई थी। जघन्य तरीके से घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति वीरेन्द्र साकेत फरार चल रहा था। संवेदनशील एवं गंभीर प्रकरण होने के कारण आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए प्राथमिकता थी। आरोपी की सीधी पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी के माध्यम से पता तलाश की जा रही थी

1300 किलोमीटर दूर मुंबई तक पहुंची पुलिस की तलाश-

फरार आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं लगातार की जा रही पतासाजी के आधार पर आरोपी के मुंबई या आसपास के इलाके, महाराष्ट्र में होने की जानकारी प्राप्त हुई। इसके पूर्व आरोपी की पतासाजी हेतु गुजरात पश्चिम बंगाल एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस टीम द्वारा दविश दी गई थी। कड़ी मेहनत से पुलिस क़ो आखिरकार आरोपी खिरखिनदीवाड़ी, राजगढ़ जिला महाराष्ट्र में एक कंपनी में ड्राइवरी करने की जानकारी निकाली । आरोपी की दिनचर्या और आवाजाही के संबंध में यह भी जानकारी मिली कि वह प्रतिदिन अपने वाहन की हवा चेक करवाने एवं पंचर संबंधी कार्य के लिए एक दुकान पर आता ही है।

पंचर की दुकान पर कई घंटे किया इंतजार-

आरोपी को भनक न लगे, इसके लिए पुलिस टीम ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप रणनीतिक तरीके से घेराबंदी की योजना बनाई। पुलिसकर्मियों ने हुलिया बदलकर पंचर एवं वाहन में हवा भरने वाली दुकान में काम करते हुए आरोपी के आने का इंतजार किया।

पुलिस टीम लगातार आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। आरोपी पुलिस की मौजूदगी से अनभिज्ञ प्रतिदिन की तरह वाहन में हवा चेक करवाने के लिए दुकान पर पहुंचा, टीम ने बिना किसी संदेह का अवसर दिए योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त-

अपनी ही पत्नी के दुर्दांत हत्यारे को सीधी पुलिस द्वारा विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से पुलिस द्वारा आरोपी का पुलिस रिमांड प्राप्त कर प्रकरण में आगे की विवेचना एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही जारी है।उल्लेखनीय है कि इस संवेदनशील घटना पर रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत द्वारा पर्यवेक्षक हेतु पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र रीवा हेमंत चौहान को सीधी भेजा था तथा लगातार प्रकरण के आरोपी की गिरफ्तारी करने हेतु निर्देशित किया जाता रहा है पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को पुलिस महानिरीक्षक स्तर से भी पुरस्कृत कराये जाने हेतु बताया गया है।

उल्लेखनीय सफलता-

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल बलेंद्र, हेड कांस्टेबल के.पी. सिंह, कांस्टेबल ललित मिश्रा एवं साइबर टीम से कृष्ण मुरारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घोषित इनाम 10 हजार को पुलिस अधीक्षक द्वारा मुखवीरो तथा टीम को वितरित किया जावेगा।

Next Post

लोगों के विरोध के बाद हैम्पशायर ने कुगेलिन को टीम से हटाया

Wed Sep 2 , 2026
लंदन, 02 सितंबर (वार्ता) प्रशंसकों के विरोध के बादc स्कॉट कुगेलिन को क्लब की टीम से हटा दिया है। उन्हें वार्विकशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम में शामिल किए जाने के एक दिन बाद ही यह फैसला लिया गया। क्रिकबजट की रिपोर्ट के अनुसार सोशल […]

You May Like