
छतरपुर। नेपाल में आई भीषण त्रासदी के बाद संकट में फंसे परिवारों की मदद के लिए बागेश्वर धाम ने मानवीय पहल की है। बागेश्वर महाराज के आह्वान पर बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के सहयोग से राहत सामग्री से भरे चार ट्रक नेपाल भेजे गए। नेपाल पहुंचे बागेश्वर धाम के प्रतिनिधि मनोज त्रिवेदी ने नेपाल शिष्य मंडल के साथ यह राहत सामग्री नेपाल सरकार के गृह मंत्रालय को सौंपी।
राहत सामग्री में पीड़ित परिवारों की तत्काल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चावल, दाल, तिरपाल, मसाले, नमक, पानी, सोयाबीन तेल, बिस्कुट और नमकीन के साथ थाली, गिलास और कटोरी जैसी घरेलू उपयोग की सामग्री शामिल की गई है। उद्देश्य ऐसे परिवारों तक भोजन और जरूरी सामान पहुंचाना है, जिन्होंने त्रासदी में अपना सब कुछ गंवा दिया है और इस समय बुनियादी जरूरतों के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
त्रासदी के समय महाराज जापान में थे। नेपाल में संकट की खबर मिलते ही उन्होंने वहां रह रहे नेपाली नागरिकों और बागेश्वर धाम शिष्य मंडल से संपर्क किया तथा बिना समय गंवाए सेवा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद बागेश्वर धाम से राहत सामग्री जुटाकर चार ट्रकों के माध्यम से नेपाल भेजी गई। प्रतिनिधियों ने वहां पहुंचकर सामग्री नेपाल सरकार को सौंपी।
बागेश्वर महाराज ने कहा कि भारत और नेपाल का संबंध केवल सीमा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मीयता और भावनाओं का रिश्ता है। पड़ोसी देश संकट में हो तो उसके साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है। नेपाल सरकार की ओर से भी राहत कार्य के लिए बागेश्वर महाराज और बागेश्वर धाम जन सेवा समिति के प्रति आभार जताया गया है। संकट की घड़ी में पहुंची यह मदद प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत के साथ उम्मीद का सहारा भी बनी है।
