सीहोर। जिला मुख्यालय के हाउसिंग बोर्ड के समीप बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज को लेकर कालोनी सहित आसपास के रहवासियों का विरोध प्रदर्शन लगातार मुखर होता जा रहा है. शुक्रवार को हाउसिंग बोर्ड कालोनी के रहवासियों ने अपने मकानों पर काले झंडे लगाकर विसंगतिपूर्ण ओवरब्रिज निर्माण का विरोध एवं ब्रिज के दोनों ओर सर्विस लेन बनाने की मांग को दोहराया है.
जिला मुुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड कालोनी के समीप बन रहा रेलवे ओवर ब्रिज शुरुआत से ही चर्चाओं में बना हुआ है. ब्रिज कॉर्पोरेशन और रेल विभाग द्वारा बनाए जा रहे ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य में अनेक अनियमितताओं के आरोप लगते आए हैं. हाउसिंग बोर्ड कालोनी के अलावा ओवर ब्रिज रेल्वे क्रासिंग के पास पं.दीनदयाल नगर, श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर, कृष्णा नगर, संतोष नगर और हाऊसिंगबोर्ड कॉलोनी फेस-2, बस्ती, शांति बिहार इत्यादि कॉलोनी के लगभग पांच हजार लोग निवास करते हैं. जिनका आने-जाने के लिए एकमात्र मार्ग मध्य प्रदेश गृह निर्माण मण्डल द्वारा बनाया गयाथा जो हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी का मुख्य मार्ग था. स्थानीय रहवासियों का कहना है कि ब्रिज निर्माण एजेंसी द्वारा इसे बंद कर दिया गया है. जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा ब्रिज से दोनों तरफ सर्विस रोड न बनाते हुए एक ही तरफ से चढऩे व उतरेन का मार्ग बनाया है. लोगों की मानें तो इस बेतूके निर्माण से रोजाना सड़क दुर्घटनाएं घटित होंगी.
रहवासियों द्वारा कई दिनों से आंदोलन किया जा रहा
क्षेत्र के पूर्व पार्षद मनोज गुजराती का कहना है कि हाउसिंग बोर्ड के समीप शहर के पांच बड़े पब्लिक स्कूल हैं, जिनमें हजारों बच्चे पढ़ते हैं. निर्माण एजेंसी ने ब्रिज की वास्तविक ड्राईंग में बदलाव करते हुए सर्पाकार मोड़ दिया है जिसके कारण स्कूली वाहनों व यहां से गुजरने वाले अन्य वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है. इन खामियों को देखते हुए स्थानीय रहवासियों द्वारा बीते कई दिनों से आंदोलन का रुख अपनाया हुआ है. सर्पाकार ओवरब्रिज का विरोध जताने के लिए लोगों द्वारा नवरात्रि में मातारानी के पांडाल में ज्ञापन सौंपकर निर्माण एजेंसी व जिम्मेदारों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की गई थी. इसके अलावा पिछले दिनों सांप- सीढ़ी प्रतियोगिता का आयोजन बच्चों के बीच कराया गया था. इसी तरह तीन दिन पहले कॉलोनियों के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा एक दिवसीय सांकेतिक धरना देते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर ब्रिज के दोनों तरफ सर्विस लेन बनाने की मांग की थी. इसके बाद भी जब प्रशासन का रवैया उदासीन नजर आया तो लोगों ने अनूठे अंदाज में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
मानव श्रृंखला बना कर करेंगे मांग
पूर्व पार्षद मनोज गुजराती ने बताया कि शुक्रवार को कालोनी के रहवासियों द्वारा अपने मकानों पर काले झंडे लगाए गए हैं. इसके अलावा शनिवार को कालोनी की महिलाओं एवं बच्चों द्वारा कालोनी के मंदिर से ओवर ब्रिज तक मानव श्रृंखला बनाई जाएगी और सर्विस लेन की मांग की जाएगी.
