भोपाल, 06 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त ने कहा कि पार्टी को लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लगातार जनता का समर्थन इसलिए मिलता है क्योंकि हमारी सरकारों में सेवा का भाव है।
श्री शर्मा आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की केन्द्र और प्रदेश सरकारों ने विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से जनता के दुख को दूर करने का काम किया है। हमें अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर प्रत्येक समाज वर्ग के बीच सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है और उन्हें योजनाओं का लाभ भी दिलाना है।
श्री शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद सबसे अधिक सत्ता में रही कांग्रेस ने गरीब कल्याण की दिशा में कोई कार्य नहीं किया, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 11 वर्षों में विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से जनता के दुख को दूर करने का काम किया है। एक पेड़ मां के नाम अभियान में 15 अगस्त तक प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी सहभागिता करना है। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 23 जून डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस एवं 6 जुलाई को उनकी जयंती मनायी जाएगी।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सेवाभाव के साथ समाज के हित के लिए कार्य करते है। हमें ‘एक पेड़ मां’ के नाम अभियान के तहत बूथ और मंडल स्तर पर पौधारोपण करना है। पेड़ और जल के संरक्षण और संवर्धन के साथ हमारा वातावरण प्लास्टिक मुक्त बनाना, जलाशयों को स्वच्छ रखना हम सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी अभियान चला रही है।
